बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली इलाके के उस्मापुर गांव में तीन नवंबर को पति-पत्नी के विवाद सूचना पर गई पुलिस ने तमंचा बरामद का वीडियो बना लिया। इसमें दरोगा ही पीड़ित और आरोपी को डायलॉग बता रहे हैं। जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला तीन नवंबर का है, जब उस्मापुर गांव निवासी पूजा ने 112 पर पुलिस को पति पर पिटाई करने के आरोप की सूचना दी। डायल 112 पर तैनात पुलिसकर्मी घर पर पहुंचे तो महिला ने बताया कि उसके पति के पास तमंचा भी है और वह झगड़े के दौरान तमंचा तान रहा था। डायल 112 पर तैनात पुलिस कर्मियों ने स्थानीय मंदिर चौकी प्रभारी मनीष कुमार को सूचना दी। उपनिरीक्षक मनीष कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां दंपति को समझाया। भविष्य में इस तरह झगड़ा नहीं करने की चेतावनी दी और तमंचा बरामद किया। इसी दौरान उप निरीक्षक ने तमंचा बरामदगी का वीडियो तैयार कराया। इसमें उप निरीक्षक ने ही पीड़िता और उसके पति को वीडियो में बोलने के लिए डायलॉग बताए। किसी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शनिवार रात को वायरल हो गया। जो काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। इसमें लोग पुलिस कर्मियों की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।