कोतवाली पुलिस और 12 दिन पहले फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें बदमाशी के पैर में गोली लगी, जिसको अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि 30 मई को खुर्जा नगर निवासी मूला ने कोतवाली में फायरिंग के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें मनोज उर्फ भव्वन निवासी सुल्तानपुर गांव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोपी बदमाश की तलाश की जा रही थी। इसी के चलते बुधवार रात को खुर्जा नगर पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी सीकरी मोड़ पर बाइक सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को आते देखा, जिसको पुलिस ने रुकने का इशारा किया। तभी बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। आरोपी की पहचान मनोज के रूप में हुई। आरोपी से तमंचा और बाइक बरामद की गई। आरोपी पर पूर्व में दस से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।