बुलंदशहर में गंगा नदी का जलस्तर पिछले 24 घंटे में करीब चार इंच बढ़ा है। बिजनौर बैराज से सोमवार 1.58 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जलस्तर बढ़ने से कटान तेज हो गया है। मोहल्ला मदार गेट में मल्लाह बस्ती के नीचे का रेत की ठोकर का हिस्सा कटकर गंगा में समा गया है। पिछले दो दिनों से कटान लगातार जारी है। लोगों ने प्रशासन से मदद मांगी है। अनूपशहर के स्थानीय नाविक पवन और विक्की ने बताया कि बस्ती के नीचे दो-तीन दिनों से कटान हो रहा है। मोहल्ले वासियों के अनुसार अब तक 10 फीट का कटान हो चुका है। कटान वाली जगह पर गंगा का पानी 30 फीट गहरा है। लोगों ने प्रशासन से बस्ती के सहारे पिचिंग बनवाने या पत्थर डालने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर कटान नहीं रुका तो ठोकर पर बने मकान भी खतरे में आ जाएंगे। मोहल्ले वासियों ने बताया कि कटान वाली जगह के पास एक पुराना कुआं था, जो गंगा के बढ़ते जलस्तर की वजह से नदी में समा गया है। सिंचाई विभाग के एसडीओ अनुज तिवारी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। जल स्तर घटने के बाद स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा और एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जाएगा। एसडीएम अनूपशहर प्रियंका गोयल का कहना है कि मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। इस संदर्भ में सिंचाई विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। वहीं, दूसरी ओर अहार व अनूपशहर क्षेत्र के खेतों पर पिछले दिनों भरा गंगा का पानी अभी भी जमा है। पानी कम न होने और लगातार खराब हो रही फसलों को देख किसानों की चिंता कम नहीं हो रही है।