उत्तर प्रदेश शिक्षक चयन सेवा आयोग की ओर से शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। बदायूं के 15 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित कराई जा रही है। इन केंद्रों पर 28198 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। पहली पाली सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर 12.00 बजे तक शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आ रहे अभ्यर्थियों ने बातचीत में बताया कि पेपर बेहद आसान रहा, जिसमें सामाजिक, साइंस सहित कई विषयों से जुड़े प्रश्न आसान आए। गणित और समाज शास्त्र के प्रश्न भी ठीक आए। कासगंज और एटा के कई अभ्यर्थियों ने कहा कि अच्छे नंबर आएंगे। जीआईसी केंद्र परिसर में पानी भरने से अभ्यर्थियों को दिक्कतें हुईं। एक साइड से उन्हें निकलकर आना पड़ा।