बदायूं के कुंवरगांव के वार्ड संख्या छह स्थित ससुराल आए युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बिसौली निवासी राहुल (28) शुक्रवार को होली खेलने कुंवरगांव कस्बा स्थित अपनी ससुराल आया था। उसका साला राजवीर लोहे की पारात में कूड़ा भरकर घर के पीछे बने तालाब में फेंकने गया था। उसके घर के पीछे से ही हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। जब राजवीर ने कूड़ा फेंका तो लोहे की परात हाईटेंशन लाइन से छू गई, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। राजवीर की चीख सुन उसकी पत्नी सरला पहुंची। वह भी करंट की चपेट में आ गई। इसी बीच राहुल ने दोनों को बचाने का प्रयास किया तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। जिससे तीनों लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें राहुल की मौत हो गई। राजवीर और सरला का उपचार चल रहा है। उधर, हादसे के बाद शनिवार को कुंवरगांव कस्बे की महिलाओं ने विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर हाईटेंशन लाइन हटवाने को लेकर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि इससे पहले भी इस हाईटेंशन लाइन से हादसे हुए हैं। बावजूद इसके विद्युत निगम ने सबक नहीं लिया।