बदायूं के विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में हुए किसान दिवस में किसान नेताओं ने बिजली, छुट्टा गोवंश और तमाम समस्याओं को रखा। कहा कि इन समस्याओं से किसान परेशान हैं और उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। किसान दिवस में जिले भर से किसान आए। अधिकांश किसान बिजली की अनियमित आपूर्ति, गोवंश की समस्या और खाद की किल्लत को लेकर परेशान दिखे। किसानों का कहना था कि खेतों में समय से बिजली नहीं मिल रही, जिससे फसल की सिंचाई प्रभावित हो रही है। वहीं आवारा गोवंश फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके साथ ही खाद की दुकानों पर खाद समय से उपलब्ध न होने की शिकायतें भी सामने आईं। सीडीओ ने सभी संबंधित विभागों को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।