बदायूं में शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन मैदान में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान परेड ग्राउंड पर अनुशासन, समन्वय एवं एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल कराई गई तथा प्रतिभागियों के प्रदर्शन का बारीकी से अवलोकन किया गया। प्रथम परेड कमांडर के रूप में क्षेत्राधिकारी (सीओ) उझानी डॉ. देवेंद्र सिंह ने परेड का नेतृत्व किया। उनके साथ द्वितीय परेड कमांडर उपनिरीक्षक आदर्श तिवारी व तृतीय महिला परेड कमांडर उपनिरीक्षक भारती सिंह रहीं। इस दौरान पुलिस मॉडर्न स्कूल सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। निरीक्षण के बाद एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने अधिकारियों के साथ 26 जनवरी की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर रहे पुलिसकर्मियों एवं छात्र-छात्राओं के कार्यक्रमों का अवलोकन करते हुए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।