बदायूं जिले में बाढ़ के लिहाज से अति संवेदनशील क्षेत्र उसहैत इलाके में गंगा नदी का कहर शुरू हो गया है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह से गंगा नदी के जलस्तर ने कदम नगला गांव के पास खेत की मिट्टी का कटान शुरू कर दिया। कई बीघा खेत गंगा में समा गए। कटान से ग्रामीणों में दहशत है। हालांकि, बाढ़ खंड और प्रशासन गंगा किनारे गांवों में नजर रखे हुए हैं। बुधवार को ग्राम जटा की मुख्य सड़क पर पानी चल रहा था, यहां और पानी बढ़ गया है। इससे ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कत बढ़ गई है। एतिहातन प्रशासन ने मोटर बोट की तैनाती कर दी है ताकि दिक्कत होने पर ग्रामीण उससे आवाजाही कर सकें। बाढ़ का खतरा अभी भी बना हुआ है।