बदायूं में भारतीय किसान यूनियन (राजनैतिक असली) के पदाधिकारियों ने बुधवार को विकास भवन पहुंचकर खाद वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पदाधिकारियों ने कहा कि सहकारी समितियों पर किसानों को समय से खाद नहीं दी जा रही है, जिससे बोवाई का समय बीत रहा है और किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। भाकियू के जिला अध्यक्ष केपीएस राठौर ने एआर कोऑपरेटिव से मिले और इस दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हो गई। पदाधिकारियों का कहना था कि समितियों पर पर्याप्त खाद मौजूद है, फिर भी किसानों को वापस लौटा दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर दो दिन के भीतर सभी समितियों पर खाद वितरण सुचारु नहीं हुआ तो यूनियन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी। एआर कोऑपरेटिव ने पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि जिले में खाद की कमी नहीं है और किसानों को जल्द पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध करा दी जाएगी।