माघ पूर्णिमा पर रविवार को बदायूं के कछला स्थित गंगा घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों की ओर पहुंचने लगे। 'हर-हर गंगे' और 'जय मां गंगा' के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया और दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। माघ पूर्णिमा के चलते आसपास के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कछला घाट पहुंचे, जिससे दिनभर घाटों पर भारी भीड़ बनी रही। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। घाट क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और गोताखोर तैनात रहे। गंगा में नावों के माध्यम से निगरानी की गई, वहीं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए गए थे, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। वहीं प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस सहित मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों द्वारा समय-समय पर घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।