बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र के खितौरा कस्बे में सराफा व्यापारी को दुकान में बंधक बनाकर दिनदहाड़े लूट की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। चर्चा है कि वारदात में पांच से अधिक बदमाश शामिल थे। पुलिस ने सरह बघौली के तालाब से एक बाइक बरामद की है। बताया जा रहा है कि यह वही बाइक है जिससे दो बदमाश लूट के बाद पकड़े गए साथियों को देखकर भागे थे। एसएसपी ने फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों को लगाया है। शनिवार सुबह पुलिस क्षेत्र में छानबीन कर रही थी। इसी बीच पड़ोस के गांव सरह बघौली के तालाब में एक बाइक पड़ी मिली। अनुमान है कि बदमाश इसी बाइक से घटनास्थल से भागकर यहां तक आए और बाइक को छोड़कर पैदल आसपास के ही किसी गांव में चले गए। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि बदमाश आस-पास के ही किसी गांव के हैं। एसओजी टीम में शनिवार की सुबह गांव खितौरा सराफा की दुकान पर पहुंचकर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। टीम ने लोगों से पूछताछ की। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है।