बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव पैगा भीकमपुर में शनिवार दोपहर को हुए भीषण हादसे में घायल 36 वर्षीय नेत्रपाल ने सैफई ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। नेत्रपाल का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। गंभीर हालत देखकर देर रात उन्हें रेफर कर दिया गया था। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इधर, सड़क हादसे में मरे चार लोगों के शवों का पोस्टमार्टम रात में ही करा दिया गया। रविवार सुबह गांव में एक साथ चार अर्थियां उठीं तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव के बाहर अंत्येष्टि स्थल पर चारों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया।