बदायूं में डग्गामार वाहनों से निजी वाहन संचालकों और परिवहन निगम की बसों को काफी नुकसान हो रहा है। इसको लेकर निजी बस संचालकों ने जिला बस ऑपरेटर्स यूनियन के बैनर तले प्राइवेट बसों का संचालन बंद करते हुए उन्हें खड़ा करा दिया। ऐसे में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से जिला बस ऑपरेटर्स यूनियन ने शिकायत भी की। बुधवार को अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्राइवेट बस सेवा शुरू की गई है। जिला बस ऑपरेटर्स यूनियन के पदाधिकारियों ने बुधवार को बसों को संचालन बंद करते हुए एआरटीओ कार्यालय पर प्राइवेट बसों को सरेंडर करने की तैयार कर दी थी। जानकारी होते ही सीओ सिटी संजीव कुमार, एआरटीओ प्रशासन रामवचन गुप्ता, एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीष कुमार, एसएचओ सिविल लाइंस संजय कुमार व टीएसआई आरएल राजपूत प्राइवेट बस स्टैंड पर पहुंचे। उन्होंने बस मालिक व स्टाफ से वार्ता की। यूनियन अध्यक्ष ओमकार सिंह ने बताया कि हमारी बसें विगत कई वर्षों से प्राइवेट बस स्टैंड से वैध प्रपत्रों पर समस्त टैक्स व पार्किंग फीस अदा करके संचालित होती आ रही हैं। प्रशासन ने शहर के बाहर टेंपों स्टैंड बनाए हैं, लेकिन वह वहां से संचालित न होकर शहर में मनमर्जी तरीके से सवारियां भरते आ रहे हैं। यहां तक की कई बार तो बसों में से सवारी उतारने का प्रयास करते हैं। सीओ सिटी संजीव कुमार ने आश्वासन दिया कि 15 दिनों में सारी व्यवस्था दुरुस्त करवा दी जाएगी। आश्वासन के बाद पदाधिकारियों ने बस सेवा सुचारू करने को कहा।