बदायूं में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से दूसरे दिन भी सपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन सपा सांसद आदित्य यादव के आवास के निकट लक्ष्मीबाई चौक, जिलाधिकारी चौराहा पर आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सपा की महिला आरक्षण विरोधी मानसिकता के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सपा और अन्य विपक्षी दलों पर महिला अधिकारों के प्रति नकारात्मक मानसिकता रखने का आरोप लगाया। उन्होंने महिलाओं के सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। क्षेत्रीय मंत्री महिला मोर्चा रेनू सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विपक्षी दलों पर इस विधेयक का विरोध कर अपनी महिला विरोधी सोच उजागर करने का आरोप लगाया। ज्ञानवती सागर ने कहा कि लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय देश की मातृशक्ति को सम्मान और अधिकार देने वाला है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जबकि विपक्ष केवल राजनीति करता रहा है। यह प्रदर्शन महिला जन-आक्रोश अभियान के अंतर्गत विपक्षी सांसद के विरुद्ध क्रमिक कार्यक्रम के दूसरे दिन आयोजित किया गया था। इसमें बिल्सी विधानसभा की महिला कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए।