बिजनौर। नूरपुर के गांव नंगली जाजू में बुधवार रात / बृहस्पतिवार को अज्ञात चोरों ने घर मे घुसकर करीब 30 लाख रुपए के आभूषण व कीमती सामान व 65 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। बता दें कि गांव निवासी देवेंद्र सिंह का मकान गांव के बाहर स्थित है जिसे बुधवार की रात चोर ने निशाना बनाते हुए जंगल की ओर से दीवार फांदकर घर मे घुसकर करीब 2 बजे नव विवाहिता के कमरे को निशाना बनाते हुए आलमारी में रखी करीब तीस लाख रुपए के आभूषण, कीमती सामान व 65 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली। देवेंद्र सिंह का बेटा शगुन एयरफोर्स में जम्मू कश्मीर में तैनात है। जिसकी शादी 22 नवम्बर को हुई थी तथा पत्नी 18 दिसंबर को अपने मायके चली गई। बुधवार की रात जंगल की ओर से दीवार के सहारे घर के अंदर घुसे चोरों ने घटना को अंजाम दिया। चोरों ने एक ही रात में देवेंद्र सिंह के अलावा लोकेंद्र प्रजापति, रिंकू, मनोज के घरों को भी निशाना बनाते हुए बर्तन, कपड़े चोरी कर लिए। चोरी की सूचना पर एसपीआरए प्रकाश सिंह, सीओ देश दीपक, थानाध्यक्ष विकास कुमार, फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की। एसपीआरए ने बताया कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों पर बारीकी से जांच की जा रही है गांव में लगें सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से चोरों को पकड़ने व जल्द ही चोरी के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।