बिजनौर जनपद के नहटौर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई बेमौसम झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से बेहाल आम लोगों और मुरझाई फसलों को बड़ी राहत दी है। लंबे समय से पड़ रही प्रचंड गर्मी से जहां खेतों में फसलें सूखने लगी थीं, वहीं नलकूप और नहरें भी बिजली की किल्लत के कारण बेअसर साबित हो रही थीं। ऐसे में हुई तेज बारिश किसानों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं रही।