जनपद बिजनौर के धामपुर में शनिवार सुबह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासंघ के कार्यकर्ताओं ने महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर हवन-यज्ञ का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ आरएसएम तिराहा स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करने के साथ हुआ। कार्यकर्ताओं ने महान वीर योद्धा महाराणा प्रताप के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया। हवन-यज्ञ में उपस्थित लोगों ने देश और समाज की उन्नति के लिए आहुति दी। इस अवसर पर ठाकुर रविकांत, जितेंद्र पाल सिंह गहलोत, दीपेंद्र सिंह, मास्टर अनिल कुमार, नागेश्वर दयाल गहलोत, चंद्रशेखर सिंह, भूपेंद्र चौहान, डॉ. एनपी सिंह, धनंजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।