बिजनौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर पूर्व सांसद भारतेन्द्र सिंह ने बुधवार को सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। वह जिलाधिकारी कार्यालय से रिक्शा द्वारा रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे और वहां से नजीबाबाद जाने वाली रोडवेज बस में टिकट लेकर सफर किया। पूर्व सांसद भारतेन्द्र सिंह ने कहा कि खाड़ी देशों में युद्ध जैसी स्थिति बनने से वैश्विक स्तर पर तेल संकट गहराने की आशंका है। ऐसे समय में जनप्रतिनिधियों को आगे आकर सार्वजनिक वाहनों के उपयोग और ईंधन की बचत के लिए पहल करनी चाहिए। आम जनता भी जनप्रतिनिधियों से सादगी और जिम्मेदारी की अपेक्षा करती है। जब जनप्रतिनिधि स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करेंगे, तभी लोग भी उनका अनुसरण करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों से अपने काफिले सीमित रखने तथा अनावश्यक वाहनों के प्रयोग से बचने की अपील की है। अधिक वाहनों के काफिले से मतदाता प्रभावित नहीं होता। रसोई गैस और ईंधन के उपयोग में भी किफायत बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य जनता को जागरूक करना है, लेकिन विपक्षी दल इस मुद्दे पर दुष्प्रचार की राजनीति कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।