बिजनौर के धामपुर में हरिद्वार से गंगाजल लेने जा रहे शिवभक्त की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार विनीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथ मौजूद दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं। हादसा शनिवार सुबह मुरादाबाद मार्ग पर राधा इंटर कॉलेज के पास शीला टॉकीज मोड़ पर हुआ। बताया गया कि बाइक तेज गति में थी। इसी दौरान अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और विनीत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवभक्त को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामपुर पहुंचाया। यहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने घायल शिवभक्त को दूसरे वाहन में बैठाकर उनके साथियों के साथ गंतव्य की ओर रवाना कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई।