वाराणसी-जंघई रेलखंड के उग्रसेनपुर के पास चेन पुलिंग होने से खड़ी हुई डाउन कामायनी एक्सप्रेस के कारण सरायकंसराय स्टेशन पर अप कामायनी ट्रेन को दो घंटे खड़ा कर दिया गया। दोहरीकरण के कारण सिंगल रूट होने से ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी। जिससे यात्रियों ने खुब हंगामा किया। हालांकि स्टेशन मास्टर ने किसी तरह यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। दो घंटे बाद ट्रेन आगे की ओर रवाना हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। वाराणसी-जंघई रेलखंड रूट पर इन दिनों प्लेटफार्म विस्तारीकरण का कार्य चल रहा है। जिसके कारण इस रूट को सिंगल कर दिया गया है। शनिवार को डाउन कामायनी एक्सप्रेस को 7.45 पर वाराणसी पहुंचना था, लेकिन जंघई के पास उग्रसेनपुर ने किसी ने चेन पुलिंग कर दी। जिससे ट्रेन वहीं खड़ी हो गई। उग्रसेनपुर के पास डाउन कामायनी के खड़े होने की जानकारी मिलते ही वाराणसी से मुंबई जा रही अप कामायनी को सिंगल रूट के कारण सरायकंसराय स्टेशन पर रोक दिया गया। ट्रेन स्टेशन पर लगभग दो घंटे तक खड़ी रही। काफी देर बाद भी ट्रेन नहीं चली तो यात्री हंगामा करने लगे। स्टेशन मास्टर चन्द्रशेखर ने किसी तरह से समझा-बुझाकर यात्रियों को शांत कराया। जिसके बाद ट्रेन परिचालन सुचारू हो सका। स्टेशन मास्टर चंद्रशेखर सरोज ने बताया कि ट्रैफिक ब्लॉक होने व यात्रियों द्वारा चेन पुलिंग करने की वजह से ऐसा हुआ है। रेलवे ट्रैफिक पर काम चलने की वजह से सिंगल रूट हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से सभी ट्रेनों को बारी-बारी से पार कराया जा रहा है। हालांकि इस रूट पर इस समय दोहरीकरण कार्य के कारण कम ट्रेन होने के कारण ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।