वाराणसी-प्रयागराज हाईवे के उत्तरी लेन पर सूफीनगर के पास एक कार की टक्कर से एक महिला की मौत हो गयी। वहीं एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। दोनों महिलाएं सूफीनगर में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती अपने घर की किसी महिला को देखने जा रही थी । बताते चलें कि ऊंज थाना क्षेत्र के बेलहुआ गांव निवासी दूधनाथ यादव की पत्नी मैना देवी (50) और रमेश यादव की पत्नी चन्द्रावती देवी (38) एक साथ सूफीनगर जा रही थी। बताया जा रहा है कि उनके घर में ही किसी को सूफीनगर के एक निजी नर्सिंग होम में बच्चा हुआ था। उसे ही देखने के लिए दोनों महिलाएं साथ में जा रही थी। नर्सिंग होम दक्षिणी पटरी पर था। जहां पहुंचने के लिए वे उत्तरी लेन से दक्षिणी लेन की तरफ आ रही थी। इस बीच प्रयागराज से वाराणसी जा रही एक कार ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैना देवी की मौके पर ही मौत हो गयी। वहीं चन्द्रावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गयी। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें गोपीगंज सीएचसी पहुंचाया गया। जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इधर घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।