गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपपुर के पास रविवार की सुबह हाइवे पर कार की टक्कर से बाइक सवार दो दर्शनार्थी घायल हो गए। दोनों प्रगतापगढ़ के विरौतीपट्टी के निवासी हैं। विंध्याचल से दर्शन कर लौटते समय यह दुर्घटना हुई। दोनों को सीएचसी लाया गया। जहां एक हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रतापगढ़ के विरौती पट्टी निवासी विकास यादव (30) पुत्र कालू यादव और दीपक विश्वकर्मा (35) पुत्र बृजलाल निवासी समोगरापट्टी प्रतापगढ़ अपनी बाइक से विंध्याचल दर्शन करने गए थे। जहां से रविवार को सुबह वापस लौटते समय हाइवे के दक्षिणी लेन से होकर जा रहे थे। गोपपुर के पास वाराणसी से प्रयागराज गंगा स्नान करने जा रहे श्रद्धालुओं की इनोवा कार से बाइक की भिड़ंत हो गई। इसमें कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए। बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों को सीएचसी लाया गया। जहां विकास की हालत चिंताजनक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने कार और बाइक को कब्जे में ले लिया।