भदोही जिले के औराई ब्लॉक के ठेगीपुर गांव में भ्रष्टाचार को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रधान, सचिव व रोजगार सेवक का पूतला फूंका। आरोप लगाया कि तीनों मनरेगा का पैसा निकालकर ले रहे हैं। जिसकी शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि प्रधान बच्चन बिंद, सचिव प्रदीप कुमार व रोजगार सेवक उर्मिला देवी गांव में भ्रष्टाचार कर रहे हैं। तीनों मिलकर लाखों के पैसों का गबन कर रहे हैं। आरोप लगाया कि तीनों मिलकर जो लोग मनरेगा में काम नहीं कर रहे हैं। उनके नाम पर पैसा निकालकर उन्हें 10 प्रतिशत देने के बाद बाकी पैसा आपस में बांट ले रहे हैं। आरोप लगाया कि इसको लेकर कई बार सीएम पोर्टल, तहसील दिवस व डीएम से शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हो सकी। आक्रोशित लोगों ने कहा कि जल्द ही निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती है तो डीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सूरज पटेल, विकास, राजू, नंदू, मनोज पटेल आदि रहे।