भदोही जिले के ईंट भट्ठा संचालकों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को पत्रक दिया। आरोप लगाया कि वैध परमिट होने के बाद भी खनन कार्य में पुलिस, प्रशासन और खनन विभाग उनका उत्पीड़न कर रहा है। डीएम ने तीनों एसडीएम से वार्ता कर भविष्य में ऐसा न होने का निर्देश दिया। जिलाध्यक्ष मिठाई लाल दुबे के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे संचालकों ने नाराजगी जताई। डीएम को सौंपे ज्ञापन में पदाधिकारियों ने बताया कि ईंट भट्ठों पर खनन के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर उन्हें परेशान कर रहे हैं। आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन वैध खनन को भी रोक रहा है, जिससे संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत सुनने के बाद जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि उनकी ओर से ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने तत्काल सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को फोन पर निर्देश दिया कि जिन ईंट भट्ठा संचालकों के पास वैध परमिट है, उन्हें किसी भी प्रकार से परेशान न किया जाए। डीएम ने भट्ठा संचालकों से यह भी अपील की कि वे अपने ट्रैक्टरों पर खनन परमिट का एक पंपलेट चिपका दें, ताकि यह स्पष्ट रहे कि खनन वैध रूप से किया जा रहा है। उन्होंने एडीएम को निर्देश दिया कि सभी एसडीएम और थानाध्यक्षों को एक लिखित पत्र जारी किया जाए, जिसमें वैध परमिट वाले भट्ठा संचालकों को परेशान न करने और उनके उद्योग को न रोकने के निर्देश हों। संचालको ने कहा कि अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन वैध परमिट धारकों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। इस मौके पर गया सिंह, राहुल दूबे, तहसीलदार सिंह, नारायण गुप्ता, ह्दय सिंह, पिंटू सिंह, बबलू सिंह, मन्ना यादव आदि रहे।