जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने बुधवार को सौ शय्या अस्पताल के साथ भदोही में बीडा की ओर से निर्माणाधीन शिया काम्प्लेक्स और दूलमदासपुर स्थित सीएफसी हाल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने 10.26 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे शिया काम्प्लेक्स में मानकों की अनदेखी पर कार्यदायी संस्था को जमकर फटकार लगाई है। वहीं परियोजना की जांच के लिए टीम गठित किया। उन्होंने अधूरे परियोजना को पूरे करने में कोताही न बरतने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन व्यावसायिक भवन शिया कॉम्प्लेक्स में ग्राउंड फ्लोर के पीलर से द्वितीय फ्लोर का पीलर मैच न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने उसे तुड़वाकर फिर से मैच कर पीलर डालने का निर्देश दिया। वहीं मानक के अनुरूप काम न होने पर संबंधित अधिकारी को जांच कमेटी गठित कर जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने इसे समय से पूरा करने का निर्देश दिया। कहा कि किसी भी हाल में मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद वे दूलमदासपुर स्थित सीएफसी हाल पहुंचे। उन्होंने सालों से अधूरी पड़ी इस परियोजना की जानकारी ली। उपायुक्त उद्योग आशुतोष पाठक ने बताया कि प्रोजेक्ट में मशीन खरीदने के लिए 2022 से अब तक तीन बार टेण्डर हो चुका है। मशीन के लिए चार करोड़ 63 लाख रुपये स्वीकृत हैं, लेकिन मशीनों का दाम अधिक होेने के कारण नहीं खरीदी जा सकी है। हालांकि अब मशीनें कम करने का निर्देश दिया गया है। बताया कि आयुक्त एवं निदेशक उद्योग ने इसके लिए नया प्रस्ताव भी मांगा है। जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने सुबह 8:35 बजे 100 शैय्या जिला चिकित्सालय सरपतहां का निरीक्षण किया। जहां पांच डॉक्टर और आठ स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित मिले। उन्हें स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया। डीएम ने ओपीडी, दवा स्टोर रूम आदि वार्डो का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों व तीमारदारों से हाल-चाल पूछा। अनुपस्थित रहने वाले डॉक्टरों में डॉ. सुशील कुमार शुक्ला परामर्शदाता, डॉ. विवेक कुमार पांडे परामर्शदाता, डॉ. वीके मिश्रा वरिष्ठ परामर्शदाता का एक दिन वेतन भी काटने का निर्देश दिया। वहीं फिजियोथैरिपी डॉ. जावेद अख्तर के रूम में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। वहीं डॉ. विक्रांत फार्मासिस्ट को काम में लापरवाही पर नोटिस जारी किया। डीएम ने सभी डॉक्टरों व स्वास्थ कर्मियों को ड्रेस कोड, जूता, शर्ट साफ सुथरा कपड़े में रहने का निर्देश दिया।