भदोही के धनतुलसी-डेंगुरपुर गंगा घाट पर पीपा पुल संचालन में लगातार हो रही देरी और हर साल सामग्री की अनुपलब्धता से क्षेत्रीय जनता में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। वहीं पक्का पुल के शिलान्यास की तिथि घोषित न किए जाने को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। मंगलवार की दोपहर एकजुट हुए लोगों ने धनतुलसी घाट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि पुल संचालन में हर वर्ष देरी से आवागमन बाधित होता है। जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं पक्का पुल निर्माण की घोषणा के बाद भी शिलान्यास तिथि तय न होना जनता के साथ वादाखिलाफी जैसा है। समाजसेवी पवन तिवारी ने बताया कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित का विषय है और जब तक प्रशासन ठोस कदम नहीं उठाता, आंदोलन जारी रहेगा। मौके पर मंटू पांडेय, विपिन पांडेय, अजयनाथ तिवारी, राजेश भास्कर, सुभाष सरोज, दीपक पाल, अंशु तिवारी, अजय चौबे, राजू दुबे, दिनेश प्रधान, ज्ञानचंद शुक्ला, रामप्रकाश, सचिन समेत बड़ी संख्या में लोग रहे।