कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ऐकटकवा चौराहे पर बीती देर रात कपड़े की दुकान में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के मझेरिया गांव निवासी घनश्याम पिछले तीन साल से ऐकटकवा चौराहे पर किराये की दुकान में कपड़े का कारोबार कर रहे थे। वे रोज की तरह रात आठ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब एक बजे अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। देर रात होने के कारण सूचना मिलने में समय लगा, इस बीच आग ने विकराल रूप ले लिया।