बरेली में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा मुखिया अखिलेश यादव से एयरपोर्ट पर मुलाकात कर लौटे सपा के जनप्रतिनिधियों और नेताओं ने बुधवार को प्रेसवार्ता की। पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार अराजक है। प्रदेश में हो रही घटनाओं की आड़ में सरकार बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से जनता का ध्यान हटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी बुलडोजर नीति पर अंकुश लगाया है, पर सरकार मनमानी कर रही है। भाजपा नेताओं के घर-कार्यालय भी बगैर नक्शे के बने हैं, बीडीए कार्रवाई नहीं कर रहा है। सिर्फ एक समुदाय को ही निशाना बनाया जा रहा है। बहेड़ी विधायक अताउर्रहमान ने कहा कि बरेली में पुलिस प्रशासन चाहता तो यह बवाल न होता, लेकिन आपसी मिलीभगत से घटना को अंजाम देने के लिए भीड़ जुटाई गई। इसमें निर्दोष लोगों पर कार्रवाई की गई।