राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, विंग कमांडर व्योमिका सिंह, कर्नल सोफिया कुरैशी जैसे उदाहरण यह साबित करते हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व करने में सक्षम हैं। यह व्यक्तित्व बेटियों के लिए प्रेरणा हैं, और यह संदेश देते हैं कि आत्मविश्वास और अवसर मिलने पर लड़कियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। ये बातें बरेली कॉलेज के समाजशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. नवनीत कौर आहूजा ने बुधवार को कैंट स्थित आरएन टैगोर इंटर कॉलेज की छात्राओं से अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम में कहीं। प्रो. नवनीत कौर आहूजा ने कहा कि इन प्रेरणास्रोत महिलाओं के संघर्ष और सफलता से सीख लेकर हमें अपने लक्ष्य तय करने चाहिए और उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। आज की बेटियां प्रतिभा और क्षमता से भरपूर हैं, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और समर्थन देने की है।