बरेली में शुक्रवार को पीलीभीत बाइपास स्थित एक रिसॉर्ट में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ओर से उद्यमी समाधान दिवस आयोजित किया गया था। मुख्य अतिथि औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने खुद बरेली-मुरादाबाद मंडल के आठ जिलों से शामिल हुए उद्यमियों की समस्याएं सुनीं। गजरौला के उद्यमी जीके शर्मा ने बताया कि उनके प्लॉट पर रखा ट्रांसफार्मर हटाने के लिए उद्योग विभाग में प्रार्थना पत्र दिया था। उद्यमी ने बताया कि संबंधित प्रकरण पर जब बिजली विभाग से संपर्क किया तो उन्होंने पत्र की जानकारी से इन्कार कर दिया। वहीं, उद्योग विभाग पत्र भेजने की बात कह रहा है। मंत्री ने दोनों अफसरों से पूछताछ की तो वे अपनी बात पर अड़े रहे। तब मंत्री ने कहा कि 24 घंटे के भीतर अगर ट्रांसफार्मर न हटा तो प्रकरण की जांच कराऊंगा जो झूठ बोल रहा होगा, उसे सस्पेंड कर दूंगा। मंत्री ने इसकी जांच के निर्देश दिए। बरेली-मुरादाबाद मंडल के निवेश मित्र भी सुनवाई से गायब रहे। इस पर मंत्री ने अफसरों को चेतावनी देते हुए कहा कि उद्यमियों की समस्या को अनसुना करने की प्रवृत्ति ठीक नहीं है।