कानपुर में 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर हटाने और एफआईआर दर्ज होने के बाद से विवाद छिड़ा हुआ है। इसके विरोध में मुस्लिम समाज के लोग 'आई लव मोहम्मद' लिखकर बैनर पोस्टर लगा रहे हैं। बरेली शहर में भी कई जगहों पर इस तरह के पोस्टर लगाए गए। इस पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मोहब्बत का इज़हार सड़कों पर हुड़दंग मचाकर, जुलूस निकालकर, धरना-प्रदर्शन से नहीं किया जा सकता। यह पैगंबर-ए-इस्लाम की शिक्षा के खिलाफ है। उन्होंने फरमाया है कि अच्छा मुसलमान वही है जिसके हाथ, पांव और जुबान से किसी को तकलीफ न पहुंचे। उन्होंने कहा कि पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद से मोहब्बत करना हमारा ईमान और अकीदा है। लेकिन इसके साथ-साथ उनकी शिक्षा पर अमल करना सबसे ज्यादा ज़रूरी है।