पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक होने की खबर आते ही पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। इसी क्रम में बरेली स्थित श्री शिरडी साईं खाटू श्याम सर्वदेव मंदिर में विशेष यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद महंत पंडित सुशील पाठक ने मंदिर परिसर के गेट पर राहगीरों को मिठाई बांटकर खुशी साझा की। इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया और सेना के साहस की सराहना की। पंडित सुशील पाठक ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि यह एक संदेश है कि भारत अब किसी भी आतंकी हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रधानमंत्री मोदी और भारतीय सेना की इस निर्णायक नीति ने देश को गौरव और आत्मविश्वास से भर दिया है। यह घटना दिखाती है कि जब बात बहन-बेटियों के सम्मान की हो, तो भारत चुप नहीं बैठता, बल्कि दुश्मनों को करारा जवाब देता है।