बरेली कॉलेज में शुक्रवार को मंडल स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन हुआ, जिसमें इस रोजगार मेले में आठ हजार से अधिक युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य था, लेकिन सिर्फ 3,245 प्रतिभागियों ने ही पंजीकरण कराया। इनमें से 1,477 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया गया। कई अभ्यर्थी कम सैलरी और अधिक दूरी की बात सुनकर निराश होकर लौट गए। पवन विहार की अंजलि व उनकी मां अंजु भी नौकरी की तलाश में रोजगार मेले में पहुंची। अंजलि ने बताया कि वह आईटीआई पास कर चुकी हैं। नौकरी के लिए दो कंपनियों में आवेदन किया है। अंजु ने बताया कि महंगाई के जमाने में सभी का नौकरी करना आवश्यक है। पति शिक्षक हैं। मैं भी पहले पढ़ाती थी, लेकिन नौकरी छोड़नी पड़ी। अब दोबारा नौकरी करना चाहती हूं। ऑफिस जॉब में ही आवेदन कर रही हूं।