बरेली के शाही और उससे सटे इलाके में सिलसिलेवार हत्याओं को रोकने के लिए पुलिस विभाग के अधिकारी भी अब खेतों की खाक छान रहे हैं। शीशगढ़ इलाके में नौंवी महिला की हत्या के बाद एडीजी-आईजी और एसएसपी ने मोर्चा संभाल लिया। तीनों अधिकारियों ने सोमवार को ड्रोन उड़वाकर नदी के किनारे के जंगली इलाके का जायजा लिया। एडीजी पीसी मीना, आईजी डॉ. राकेश सिंह, एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान दोपहर बाद उस क्षेत्र में पहुंचे जहां घटनाएं हो रही हैं। जिस खेत में उर्मिला देवी का शव मिला था, उसका निरीक्षण किया। उससे सटे बहगुल नदी के किनारे के इलाके की ड्रोन कैमरे से वीडियोग्राफी कराई। ग्रामीणों से बातचीत कर सिरा तलाशने की कोशिश की। एडीजी पीसी मीना ने बताया कि अधिकतर मामलों में गन्ने के खेत में महिलाओं की गला दबाकर हत्या की गई है। ग्रामीणों ने कुछ पुराने मामलों का भी जिक्र किया है। टीम गठित की गई हैं, सभी में तत्परता से खुलासे का निर्देश दिया है।