बरेली के थाना अलीगंज के पाखड़ मोहल्ला निवासी 25 वर्षीय फरीन पुलिस की नौकरी के लिए दौड़ लगाने के दौरान हादसे का शिकार हो गई। उसको बाइक से टक्कर लग गई, जिससे वह घायल हो गई। इलाज के दौरान उसने सात दिन बाद दम तोड़ दिया। उसके पिता सज्जाद हुसैन ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं, जिन्हें वह बेटों की तरह पाल और पढ़ा रहे थे। इनमें फरीन सबसे होनहार थी। वह पुलिस भर्ती परीक्षा में पास हो गई थी। केवल दौड़ का टेस्ट बाकी रह गया था। इसके लिए वह दौड़ की तैयारी कर रही थी, लेकिन हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली।