बरेली के चौकी चौराहे से अय्यूब खां चौराहे की ओर मॉर्निंग वॉक कर रहीं आबकारी विभाग के दरोगा की पत्नी चेन स्नैचिंग का शिकार हो गईं। बाइक सवार दो लड़के चेन लूटकर चौपुला की ओर फरार हो गए। जिनकी आखिरी लोकेशन कर्मचारी नगर तक ट्रेस कर ली गई। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की तलाश में जुटी है। आबकारी उप निरीक्षक अरविंद कुमार तिवारी फिलहाल गोरखपुर में तैनात हैं। उनका परिवार शहर में अय्यूब खां चौराहे के पास रहता है। इन दिनों अरविंद भी अवकाश पर घर आए हुए हैं। उनकी पत्नी कमलेश तिवारी शुक्रवार सुबह करीब सवा सात बजे मॉर्निंग वॉक को निकली थीं। चौकी चौराहे से होकर वह वापस जा रहीं थीं। इसी दौरान पंजाब नेशनल बैंक के सामने बाइक सवार दो लड़के आए और गले से सोने की चेन खींचकर फरार हो गए। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग आए पर तब तक आरोपी भाग चुके थे। एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि आरोपियों व बाइक के फोटो स्मार्ट सिटी के उच्च क्षमता वाले कैमरों से देखे जा रहे हैं। जल्दी ही लुटेरों का पता लगा लिया जाएगा। पुलिस की टीमें कई जगह दबिश दे रहीं हैं।