बरेली में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब साढ़े दस बजे तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, तेज आंधी ने जिलेभर में भारी तबाही मचाई। शहर में मालियों की पुलिया के पास एक यूनिपोल गिर गया। गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। सेटेलाइट पुल की सर्विस सड़क पर एक पेड़ गिर गया। बरेली कॉलेज के पास नगर निगम की बाजार की दीवार ढह गई। विकास भवन के पास सड़क पर गुजर रही एक कार पर पेड़ गिरा, वहीं शाहजहांपुर सड़क पर भी एक अन्य कार पर पेड़ गिरने की घटना हुई। दोनों ही जगह कार चालक सुरक्षित बच गए। वन विभाग की टीम ने गिरे हुए पेड़ों को हटाने का काम शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट तक चली तेज आंधी और बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।