सफदरगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामपुर कटरा में कुछ युवकों ने गैर समुदाय केे दूसरे देश में स्थित धार्मिक स्थल के साथ पीएम-सीएम की फोटो लगाकर पोस्ट वायरल कर दी। सोमवार को इसे लेकर गेर समुदाय के लोग भड़क गए। पुलिस ने हालात संभालते हुए तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार धार्मिक स्थल के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल की गई। संयुक्त फोटो में भगवा ध्वज पर जय श्री राम लिखा है। पोस्ट वायरल होते ही गांव में हंगामा शुरू हो गया। एक स्थान पर लोग एकत्र हो गए और कार्रवाई की मांग करने लगे। हालात गंभीर देख मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से बात करके कार्रवाई का आश्वासन दिया। अमर उजाला वायरल फोटो की पुष्टि नहीं करता है। सफदरगंज केे थानाध्यक्ष अमर चौरसिया ने बताया कि पुल्लू नामक एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। बाकी दो लोगों की तलाश चल रही है। गांव में पुलिस तैनात है। 2010 में चर्चा में आया था रामपुर कटरा गांव वर्ष 2010 में इसी गांव रामपुर कटरा में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के विवादित पोस्टर चिपकाए गए थे तब इस मामले में तत्कालीन एसपी नवनीत राणा ने रामपुर कटरा के 10 लोगों के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज कराया था। पुलिस ने गिरफ्तारी की थी तब से ही रामपुर कटरा चर्चा में रहता है। पुलिस यहां खास निगाह रखती हैं।