बाराबंकी। लोनीकटरा थाना क्षेत्र के इलियासपुर गांव में सोमवार सुबह करीब 10 बजे गांव निवासी सर्वेश वर्मा (40) की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सर्वेश गांव के किनारे स्थित बड़े तालाब में नहाने के लिए गए थे। उन्होंने अपने कपड़े तालाब किनारे उतारकर रख दिए और पानी में डुबकी लगाई, लेकिन फिर बाहर नहीं निकल सके। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब वे तलाश करते हुए तालाब किनारे पहुंचे तो वहां कपड़े पड़े देख अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सर्वेश को तालाब से बाहर निकाला गया और गंभीर हालत में सीएचसी त्रिवेदीगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों में चर्चा है कि सर्वेश नशे की हालत में तालाब में नहाने उतरे थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो अविवाहित बेटियां हैं, जिससे घर की जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है। सीनियर सब इंस्पेक्टर संतोष राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।