बाराबंकी की रामनगर तहसील क्षेत्र के पक्का तालाब स्थित हनुमान मंदिर, त्रिलोकपुर में आयोजित विराट शिव शक्ति महायज्ञ के अवसर पर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में युवतियों और महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर कल्याणी नदी से पवित्र जल भरते हुए पैदल यात्रा की। वहीं, बड़ी संख्या में युवक हाथों में ध्वज लिए यात्रा में शामिल हुए। धार्मिक जयकारों और भक्ति भाव से ओत-प्रोत वातावरण के बीच निकली इस कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।