बाराबंकी। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभा गृह में बृहस्पतिवार को पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने निराश्रित गोवंश संरक्षण की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर के मौसम में गोशालाओं में ठंड से बचाव के सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। मंत्री ने कहा कि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं के कारण हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “सपा सरकार के समय गाय कसाई को देखकर कांपती थी, लेकिन आज योगी सरकार में गाय को देखकर कसाई कांपते हैं।” धर्मपाल सिंह ने आगे कहा कि पहले के समय में गौशाला, व्यायामशाला, यज्ञशाला और पाठशाला — ये चार संस्थान समाज और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी माने जाते थे। उन्होंने कहा कि देशी गाय का दूध अमृत के समान है। यदि किसी परिवार को प्रतिदिन एक लीटर देशी गाय का दूध मिले, तो वह परिवार स्वस्थ और निरोग रह सकता है।