अयोध्या में प्रधानमंत्री के आगमन और ध्वजारोहण समारोह को लेकर बाराबंकी में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर पहुंच गई है। 23 से 26 नवंबर तक लखनऊ–अयोध्या नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लागू रहेगी। इसी बीच शुक्रवार देर शाम जिले के एसपी अर्पित विजयवर्गीय स्वयं सड़क पर उतरे और सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। एसपी अर्पित विजयवर्गीय सीओ सिटी संगम कुमार और भारी पुलिस बल के साथ शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचे। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और मुख्य बाजारों में पैदल गश्त कर उन्होंने सुरक्षा उपायों का जायजा लिया। रेलवे स्टेशन पर खड़ी ऑस्ट्रेलिया बस के यात्रियों और उनके सामान की जांच भी उनकी मौजूदगी में कराई गई। एसपी ने बताया कि अयोध्या कार्यक्रम को देखते हुए जिले भी की पुलिस फोर्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, चेकिंग प्वाइंट बढ़ाए जाने और गश्त तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की जाएगी।