यूपी के बाराबंकी में बस की जांच के दौरान अनुबंधित बस के परिचालक की हार्टअटैक पड़ गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों ने जांच कर रहे टीआई पर डांटने धमकाने का आरोप लगाया है। मंगलवार सुबह करीब पौने सात बजे देवा रोड स्थित बस स्टेशन से अनुबंधित बस संख्या यूपी 41 टी- 2760 चालक मोहम्मद अशरफ बस लेकर निकले और नए बस स्टेशन पर पहुंचे। डीजल भराने और यात्रियों को बैठाने के बाद बस टिकैतनगर के लिए रवाना हुई। बस मसौली टोल प्लाजा के पास पहुंची तो यहां पर टीआई अशरफ ने बस को जांच के लिए रोका। परिचालक से टिकट मशीन लेकर यात्रियों से टिकट के बारे में पूछताछ की। कई यात्रियों को टिकट नहीं बने होने पर परिचालक को नीचे बुलाया और पूछताछ की। इसी दौरान परिचालक सुरेश चंद्र सैनी के सीने में दर्द हुआ। कुछ ही देर में बेहोश हो गए। परिचालक की हालत बिगड़ते देख परिचालक को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां पर चिकित्सकों ने परिचालक सुरेश चंद्र को मृत कर दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने टीआई पर डांटने धमकाने से मौत होने का आरोप लगाया है।