यूपी के बाराबंकी में सोशल मीडिया पर वायरल झूठी खबर ने पुलिस-प्रशासन के होश उड़ा दिए। शनिवार शाम करीब 3.45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान एक इमारत ढह गई। इसमें कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। इस खबर के बाद पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया। सूचना पर सिटी कोतवाल सुमित त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में जॉइंट मजिस्ट्रेट आर. जगत साईं और एमएलसी अंगद सिंह भी स्टेशन पर पहुंच गए। एमएलसी अंगद सिंह ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने और जांच-पड़ताल करने पर यह साफ हो गया कि बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है। बाद में पता चला कि यह घटना कन्नौज जिले की है। हालांकि से लेकर स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल देखने को मिला।