स्वाट टीम और असन्द्रा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार रात 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। कन्धवापुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित त्रिपाठी के कान के पास से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया। घायल आरोपी की पहचान रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह निवासी देवरी रुखारा थाना बक्शी का तालाब, लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा बाइक बरामद की है। आरोपी थाना जहांगीराबाद में दर्ज मुकदमे में वांछित था और उस पर अयोध्या परिक्षेत्र के डीआईजी द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ बाराबंकी व लखनऊ में डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत 11 मामले दर्ज हैं।