यूपी के बाराबंकी में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। मायके पक्ष के लोगों ने हत्या किए जाने की बात कही। ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके घटना की जानकारी जुटाई। मामले की जांच की जा रही है। घटना देवा कोतवाली क्षेत्र के हरबंशपुर गांव की है। मूल रूप से रामनगर कोतवाली क्षेत्र के भवानीगंज निवासी इंद्रसेन ने बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2005 में हरबंशपुर गांव निवासी विजय के साथ हुई थी। शनिवार तड़के ससुराल से फोन आया कि बेटी की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई है। हम लोग जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि कुछ ही देर बाद बेटी की मौत की सूचना मिल गई। उन्होंने बताया कि जब हम लोग मौके पर पहुंचे तो बेटी का शव जमीन पर रखा था। उसके गले पर काले निशान थे। इससे यह पता चलता है यह सामान्य मौत नहीं है, बल्कि बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने जांच करके दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।