बाराबंकी में पुलिस ने सर्विलांस सेल की मदद से गुम हुए लाखों रुपये के मोबाइल फोन बरामद कर लोगों के चेहरे पर खुशी लौटा दी। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे गए। जनपद में गुम हुए मोबाइल फोन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर चलाए गए अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण व ट्रैकिंग करते हुए 78 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है। रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल और उसमें मौजूद महत्वपूर्ण डाटा वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने बाराबंकी पुलिस का आभार जताया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल के जरिए खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को आसानी से ट्रैक कर ब्लॉक किया जा सकता है, जिससे उनकी बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन बताई गया। बाराबंकी पुलिस की मोबाइल रिकवरी टीम ने पिछले पांच महीनों में सराहनीय प्रदर्शन करते हुए 550 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 08 लाख रुपये है। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में भरोसा मजबूत हुआ है।