बाराबंकी शहर स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में चल रही प्रदेश स्तरीय सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के दौरान गुरुवार को मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से खिलाड़ियों, कोचों और दर्शकों में भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों के हमले में कई खिलाड़ी और कोच घायल हो गए। घायलों को तत्काल मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। घटना के बाद प्रतियोगिता को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों का झुंड अचानक स्टेडियम में आ गया और चारों ओर लोगों पर हमला शुरू कर दिया। घायल खिलाड़ियों और अन्य लोगों का इलाज जारी है। घटना के कारण स्टेडियम में अफरातफरी का माहौल बना रहा।