बाराबंकी शहर के चौपुला चौराहे पर लगातार 18वें दिन यातायात डायवर्जन जारी रहने से यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को माघ पूर्णिमा के चलते अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सख्ती की जा रही है। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पुलिस द्वारा वाहनों को रामनगर-बहराइच हाईवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ दिया गया, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी तय करनी पड़ी। जिसके चलते बाराबंकी में यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। लखनऊ से अयोध्या जाने वाले यात्रियों को रामनगर होते हुए बहराइच हाईवे या पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के जरिए सफर तय करना पड़ रहा है। इससे उनका सफर सामान्य से काफी लंबा हो गया है। यात्रियों का कहना है कि जहां पहले वे 2 से 3 घंटे में अपनी मंजिल तक पहुंच जाते थे, अब उन्हें 5 से 6 घंटे लग रहे हैं। जिससे समय और पैसा दोनों ही तरफ से यात्रियों को नुकसान हो रहा है।