यूपी बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होने जा रही है। बाराबंकी जिले में इस बार कुल 76,000 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिनमें 40,000 हाईस्कूल और 36,000 इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी हैं। जिले ने हमेशा मेरिट लिस्ट में अपनी खास पहचान बनाई है और टॉप-10 में कई बार स्थान हासिल किया है। इसलिए यह परीक्षा एक बार फिर से प्रतिष्ठा की बात है। बाराबंकी के विद्यार्थी हमेशा की तरह इस बार भी मेरिट लिस्ट में स्थान बनाने के लिए तैयार हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ कराई जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनकी वेबकास्टिंग होगी। इसके साथ ही प्रश्न पत्रों को डबल लॉक में रखा जाएगा और उनकी सुरक्षा के लिए सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे। परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों की सुविधा का भी पूरा ख्याल रखा गया है। विभाग ने एक हेल्थ डेस्क शुरू किया है, जहां छात्रों को परीक्षा के समय अध्ययन करने, नोट्स तैयार करने और तनाव मुक्त रहने के सुझाव दिए जा रहे हैं।